दिवाली पर बढ़ा बाज़ार, पर न्याय व्यवस्था की धीमी रफ़्तार

खपत आधारित अर्थव्यवस्था को मज़बूत बनाने के लिए उपभोक्ताओं को तुरंत न्याय मिलना ज़रूरी है।

 · 11 min read

सिद्धार्थ लांबा


कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के आंकड़ों के अनुसार बीते वर्ष, 2025 में दिवाली के दौरान भारत में क़रीब 6 लाख करोड़ रुपए के सामान और सेवाओं की खपत हुई। इस साल की बिक्री का अनुमान लगभग 7 लाख करोड़ का बताया जा रहा है। यह दिवाली पर होने वाली अब तक की सबसे बड़ी बिक्री थी।


विशेषज्ञों का कहना है कि भारतीय अर्थव्यवस्था को शहरी खपत, बुनियादी ढांचे के विकास और निर्माण से गति मिल रही है। ‘निजी अंतिम उपभोग व्यय’ (PFCE) यानी घरों और ग़ैर-लाभकारी संस्थाओं द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले सामान और सेवाओं का कुल मूल्य, फिलहाल देश की GDP का 60 प्रतिशत से अधिक है। यह पिछले दो दशकों के सबसे ऊंचे स्तर पर है।


इस बदलाव के साथ छोटे शहरों और क़स्बों में भी खपत तेज़ी से बढ़ी है। मार्च 2026 में जारी ‘मैकिन्से’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, ई-कॉमर्स के आधे से अधिक लेन-देन टियर-2 और टियर-3 शहरों से हो रहे हैं। ‘बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप’ (BCG) ने भी बताया है कि भारत के ग्रामीण क्षेत्रों की हिस्सेदारी कुल ई-कॉमर्स लेन-देन में 30 प्रतिशत है।


अब ज़रा जान लीजिए क़ानूनन भारत में कौन है उपभोक्ता?

क़ानून के अनुसार, उपभोक्ता वह व्यक्ति है जो ऑनलाइन या ऑफ़लाइन, टेलीशॉपिंग या किसी अन्य मार्केटप्लेस के ज़रिए-

  • कोई सामान ख़रीदता है।
  • ख़रीदार की अनुमति से उस सामान का इस्तेमाल करता है।
  • किसी सेवा को किराए पर लेता है या उसका लाभ उठाता है।
  • सेवा लेने वाले व्यक्ति की अनुमति से किसी सेवा का लाभ लेता है।

लेकिन यह सामान या सेवाएं व्यावसायिक उद्देश्य के लिए नहीं होनी चाहिए।


अर्थव्यवस्था की बदलती तस्वीर के लिए क़ानून

अर्थशास्त्रियों और वित्त विशेषज्ञों के अलावा इन आंकड़ों से यह समझ आता है कि भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि बढ़ती खपत पर निर्भर है। और इस खपत को महानगरों से बाहर रहने वाली आबादी गति दे रही है। इसके दो और मतलब हैं कि आज देश में पहले से कहीं अधिक उपभोक्ता हैं और ग़ैर-शहरी उपभोक्ताओं की हिस्सेदारी तेज़ी से बढ़ रही है।


भारत की विशाल उपभोक्ता अर्थव्यवस्था एक ऐसे भरोसे और जवाबदेही की नींव पर टिकी है, जिसे क़रीब 40 साल पहले तैयार किया गया था। तब देश में औद्योगीकरण बढ़ रहा था। इसी दौरान 1986 में भारत ने एक महत्वपूर्ण क़ानून बनाया। इस क़ानून ने उपभोक्ताओं और कंपनियों के बीच संबंधों को बदल दिया।


‘उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 1986’ ने ‘ख़रीदार सतर्क रहें’ की पुरानी व्यवस्था को बदलकर ‘विक्रेता सावधान रहें’ की दिशा में क़दम बढ़ाया। इसने उपभोक्ताओं को शिकायतों के त्वरित और आसान समाधान के लिए एक अलग व्यवस्था दी।


आम तौर पर इन्हें ‘उपभोक्ता अदालतें’ कहा जाता है। इस क़ानून के तहत तीन स्तरों वाली व्यवस्था बनाई गई, जिसमें ज़िला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर का उपभोक्ता आयोग था। इन अर्ध-न्यायिक संस्थाओं को उपभोक्ता विवादों पर फ़ैसला देने का अधिकार दिया गया। वे मुआवज़ा दे सकती हैं और जुर्माना लगा सकती हैं। उपभोक्ता के हित में सामान बदलने जैसे अन्य उपाय भी कर सकती हैं।


इंडिया जस्टिस रिपोर्ट ने वर्ष 2010 से 2024 के बीच NCDRC, SCDRC और DCDRC में दर्ज हुए केसों के आधार पर पड़ताल की कि किस क्षेत्र में सर्वाधिक शिकायतें सामने आईं। इन्हें आप हमारे डैशबोर्ड पर भी देख सकते हैं।


डिजिटल इकोनॉमी और बाज़ार के लिए हुए बदलाव

डिजिटल अर्थव्यवस्था की ओर तेजी से बढ़ते बदलाव को देखते हुए ‘उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019’ बनाया गया। इसने 1986 के क़ानून की जगह ली। 2019 के क़ानून में तीन स्तरों वाली व्यवस्था को बरक़रार रखा गया। साथ ही, उपभोक्ता विवादों के समाधान की व्यवस्था को बेहतर बनाया गया।


आयोगों के क्षेत्रीय व आर्थिक अधिकार क्षेत्र में बदलाव किए गए। साथ ही, सुनवाई प्रक्रिया को भी आसान बनाया गया। इसमें इलेक्ट्रॉनिक तरीके से शिकायत करना और वीडियो के ज़रिए सुनवाई जैसी सुविधाएं शामिल हैं।


देश में कितने उपभोक्ता आयोग हैं?

क़ानून, हर ज़िले में कम से कम एक उपभोक्ता आयोग ज़रूरी है। लेकिन ‘इंडिया जस्टिस रिपोर्ट’ (IJR) की उपभोक्ता विवाद समाधान आयोगों पर हालिया रिपोर्ट ‘कंज़्यूमर जस्टिस रिपोर्ट 2026’ के अनुसार, देश के 775 ज़िलों के लिए केवल 685 ज़िला उपभोक्ता आयोग हैं। कुछ आयोग एक से अधिक ज़िलों की ज़िम्मेदारी संभाल रहे हैं। उत्तर प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में ज़िलों की संख्या से अधिक आयोग हैं। वहीं तेलंगाना के 33 ज़िलों के लिए केवल 12 आयोग हैं।

उपभोक्ता आयोगों का अधिकार क्षेत्र

उपभोक्ता आयोगस्थानआर्थिक अधिकार (वस्तुओं व सेवाओं का मूल्य)
राष्ट्रीय उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग (NCDRC)राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र2 करोड़ रुपए से अधिक
राज्य उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग (SCDRC)राज्य की राजधानी या राज्य द्वारा अधिसूचित स्थान पर50 लाख रुपए से अधिक
ज़िला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग (DCDRC)प्रत्येक ज़िले में50 लाख रुपए तक

उपभोक्ता शिकायत उस आयोग में दाख़िल की जा सकती है, जहां शिकायत से जुड़ा कोई पक्ष रहता है, कारोबार करता है या काम करता है। यह प्रावधान ‘उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019’ की धारा 34(2) में है।


काम का बोझ और मामलों के निपटारे की दर

केंद्र सरकार के पुराने राष्ट्रीय डैशबोर्ड ई-जागृति के आंकड़ों के अनुसार, 1986 से अब तक अपील, पुनरीक्षण, समीक्षा याचिका और आदेश के क्रियान्वयन सहित करीब 31 लाख मामले दर्ज किए गए।


आज क़रीब 5.8 लाख मामले लगभग 700 आयोगों के सामने लंबित हैं। इनमें 685 ज़िला आयोग और 35 राज्य आयोग शामिल हैं। औसतन, हर आयोग में 800 से अधिक मामले चल रहे हैं।


लंबित मामलों की संख्या से आयोगों पर काम के बोझ का पता चलता है। उनके प्रदर्शन को दो आधारों पर देखा जा सकता है। पहला, दाख़िल मामलों में से कितने मामलों का निपटारा हुआ। दूसरा, लंबित मामलों की अवधि कितनी है।


इंडिया जस्टिस रिपोर्ट के डैशबोर्ड से निकाले गए इन आंकड़ों से देखा जा सकता है कि डेढ़ दशक में ज़िला आयोगों में किस तरह के केस सामने आए और उनका किस गति से निपटारा हुआ।


‘कंज्यूमर जस्टिस रिपोर्ट 2026’ में इन आंकड़ों के साथ रिक्त पदों, बजट और बुनियादी ढांचे जैसे अन्य मानकों का भी इस्तेमाल किया गया। इन्हीं के आधार पर राज्यों की रैंकिंग की गई।


रिपोर्ट के अनुसार, 2020 से 2024 के बीच केवल 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों कुल दाख़िल होने वाले मामलों या उससे अधिक का निपटारा किया। बड़े राज्यों में तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, मध्य प्रदेश और तेलंगाना ने अपने लंबित मामलों को कम किया।


लेकिन महाराष्ट्र में 2020 से 2024 के बीच सबसे ज्यादा 91,449 मामले दाख़िल हुए। इनमें से केवल 65 प्रतिशत मामलों का निपटारा हो सका। यानी यहां लंबित मामलों की संख्या बढ़ी। हरियाणा, बिहार, केरल और राजस्थान में भी इस अवधि में निपटारे की दर 80 प्रतिशत से कम रही।



कंज़्यूमर जस्टिस रिपोर्ट की रैंकिंग में अवग-अलग क्षेत्र से राज्यों ने बेहतर प्रदर्शन किया। शीर्ष छह राज्यों में उत्तर और दक्षिण भारत के 2-2राज्य रहे तो एक मध्य भारत और एक पूर्वी भारत का राज्य।

कोविड के बाद मामलों के निपटारे की रफ़्तार बढ़ी

इसके अलावा, देशभर के उपभोक्ता आयोगों में लंबित मामलों की संख्या 2020 से 2024 के बीच क़रीब 21 प्रतिशत बढ़ी। लंबित मामले बढ़ने से नए मामलों के निपटारे पर भी असर पड़ता है। आयोगों को पुराने मामलों का बोझ कम करने में ही काफ़ी समय लग जाता है।


फिर भी हाल के वर्षों में नए केस बढ़ने के साथ उनके निपटारे की दर में भी सुधार हुआ है। कोविड से पहले के तीन वर्षों 2016-2018 में राज्य और ज़िला आयोगों में 4.7 लाख मामले दाख़िल हुए। इनमें से 3.8 लाख मामलों का निपटारा हुआ।


कोविड के बाद 2022-2024 के दौरान 5 लाख मामले दाख़िल हुए। यह पहले की तुलना में 6 प्रतिशत अधिक है। इस अवधि में 5.2 लाख मामलों का निपटारा हुआ, जो पहले से 34 प्रतिशत अधिक है। हालांकि, यह रुझान आगे भी बना रहेगा या नहीं, यह ही बताएगा।

नए प्रावधानों के बावजूद नहीं निपट रहे पुराने विवाद

आयोगों के कामकाज को समझने का एक पैमाना लंबित विवाद हैं। ‘उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019’ के अनुसार, उपभोक्ता मामलों का निपटारा अधिकतम 5 महीने में होना चाहिए। 2019 के नए क़ानून में विवादों के निपटारे की समय सीमा के साथ ‘समयबद्ध और प्रभावी प्रशासन’ शब्द भी जोड़े हैं। इससे व्यवस्था की गुणवत्ता और समय पर सेवा की महत्ता स्पष्ट होती है। इन सबके बावजूद उपभोक्ता न्याय व्यवस्था में हमेशा से फैसलों में देर होती है।


इंडिया जस्टिस रिपोर्ट को RTI से मिले आंकड़ों के अनुसार, राज्यों में 35 प्रतिशत मामले तीन साल से अधिक समय से लंबित थे। उत्तर प्रदेश में 2020 से 2024 के बीच सबसे अधिक मामलों का निपटारा हुआ। इसके बावजूद 2025 में वहां 61 प्रतिशत मामले तीन साल से अधिक समय से लंबित थे।


जिन 19 राज्य आयोगों ने आंकड़े उपलब्ध कराया, वहां 24,000 से अधिक मामले तीन साल से ज़्यादा समय से लंबित थे। 19,000 से अधिक मामले दो साल से ज़्यादा समय से लंबित थे। क़रीब 9,600 मामले एक साल से ज़्यादा समय से लंबित थे। कुल मिलाकर, 50,000 से अधिक ऐसे उपभोक्ता हैं जिन्हें 2019 के क़ानून में तय समय-सीमा के भीतर समाधान नहीं मिल पाया।





इंडिया जस्टिस रिपोर्ट को मिली जानकारी के अनुसार राज्य आयोगों में कम से कम तीन में से एक केस पिछले तीन वर्ष से लंबित है। केरल, झारखंड, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में आधे से अधिक मामले ऐसे हैं।


दूसरे क़ानूनों से अलग एक अतिरिक्त उपाय

‘उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम’ केवल आयोगों में शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया बताने वाला क़ानून नहीं है। इसने उपभोक्ताओं को महत्वपूर्ण अधिकार भी दिए हैं। इनमें उपभोक्ता को अपनी बात रखने, उचित मंच पर उपभोक्ता हित सुनिश्चित होने और अनुचित या प्रतिबंधित व्यापार या अनुचित शोषण के ख़िलाफ़ समाधान मांगने जैसे अधिकार हैं। ये अधिकार 2019 के क़ानून की धारा 2(9) में दिए गए हैं।


सुप्रीम कोर्ट ने कई बार कहा है कि ‘उपभोक्ता संरक्षण क़ानून’ का प्रभाव RERA यानी ‘रियल एस्टेट (रेगुलेशन एंड डेवलपमेंट) एक्ट, 2016’ जैसे क्षेत्र-विशेष के क़ानूनों पर भी लागू होता है। यहां तक कि आर्बिट्रेशन एक्ट के मामले में भी अदालत ने माना है कि उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध अधिकारों को किसी ‘क्लिक करके स्वीकार करें’ या ‘सहमति दें’ वाले क़रार के ज़रिए ख़त्म नहीं किया जा सकता।


एम. हेमलता देवी बनाम बी. उदयश्री, (2024) 4 SCC 255 मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा:


उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम एक विशेष और लाभकारी क़ानून है। इसके तहत दिए गए उपाय विशेष उपाय हैं। यदि उपभोक्ता इस उपाय का इस्तेमाल करना चाहता है, तो उसे इससे वंचित नहीं किया जा सकता। भले ही दोनों पक्षों के बीच आर्बिट्रेशन का समझौता मौजूद हो। यह उपभोक्ता को दिया गया ऐसा उपाय है, जिसके तहत वस्तु या सेवा में कमी मिलने पर वह अपनी शिकायत के समाधान के लिए क़ानून द्वारा बनाए गए उपभोक्ता मंच का रुख कर सकता है।


यह विशेष क़ानूनी सुरक्षा इस बात को मान्यता देती है कि उपभोक्ता और कंपनियों के बीच सौदेबाज़ी की ताक़त बराबर नहीं होती। इसीलिए ‘उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम’ के तहत दिए गए अधिकार किसी दूसरे क़ानून के अधीन नहीं हैं। इन्हें किसी अनुबंध के जरिए भी ख़त्म नहीं किया जा सकता।


उपभोक्ता विवादों का वैकल्पिक विवाद समाधान

‘उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019’ में एक महत्वपूर्ण बदलाव मध्यस्थता यानी मीडिएशन को शामिल करना है। इसका उद्देश्य शिकायतों के समाधान को और आसान बनाना है।


मुक़दमेबाजी से अलग, मध्यस्थता स्वैच्छिक और दोनों पक्षों की सहमति पर आधारित होती है। इसका उद्देश्य विवाद का टकरावपूर्ण फ़ैसला करने के बजाय आपसी सहमति से समाधान निकालना है। सामान्य मुक़दमे में अंतिम फ़ैसला आने में कई साल लग सकते हैं।


ऐसे में मध्यस्थता उपभोक्ताओं और दूसरे पक्षों, दोनों के लिए कई तरह से फ़ायदेमंद हो सकती है। लेकिन IJR की ‘कंज्यूमर जस्टिस रिपोर्ट 2026’ के अनुसार, जनवरी 2022 से मार्च 2025 के बीच RTI के तहत जानकारी देने वाले 23 राज्य आयोगों में केवल 134 मामले मध्यस्थता के लिए भेजे गए।


यह संख्या असामान्य रूप से कम है। इसकी एक वजह आयोगों के स्तर पर जानकारी दर्ज करने की कमज़ोर व्यवस्था भी हो सकती है। फिर भी अगस्त 2023 में उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने माना था कि उपभोक्ता विवादों में मध्यस्थता का पर्याप्त इस्तेमाल नहीं हो रहा है।


मंत्रालय ने कहा था,

मध्यस्थता के ज़रिए मामलों के समाधान में संतोषजनक परिणाम न मिलने का मुख्य कारण मध्यस्थ की फ़ीस है।


इसे दूर करने के लिए उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने सफल मध्यस्थता की स्थिति में फ़ीस की अधिकतम सीमा तय की। ज़िला आयोगों में यह 3,000 रुपए और राज्य आयोगों में 5,000 रुपए तय की गई। अगर मध्यस्थता सफल नहीं होती है, तो प्रत्येक मामले के लिए ज़िला आयोग में फ़ीस 500 रुपए और राज्य आयोग में 1,000 रुपए होगी। मंत्रालय ने यह भी कहा कि यह फ़ीस कंज़्यूमर वेलफ़ेयर फ़ंड से दी जाएगी।


15 ज़िला उपभोक्ता आयोगों में कई उपभोक्ता विवाद तीन वर्ष से अधिक समय से लंबित थे।


लोक अदालतों का विकल्प भी मौजूद

मध्यस्थता के अलावा उपभोक्ता मामलों का समाधान लोक अदालत के ज़रिए भी किया जा सकता है। लोक अदालत भी वैकल्पिक विवाद समाधान यानी ADR का एक तरीक़ा है। इसके ज़रिए अदालत, ट्रिब्यूनल या आयोग के सामने लंबित किसी मामले का समाधान किया जा सकता है। इसमें उपभोक्ता आयोगों के मामले भी शामिल हैं।


लोक अदालत एक अनौपचारिक अदालत की तरह काम करती है। यह क़ानून से बंधी होती है। लेकिन इसमें पक्षों को क़ानूनी स्थिति की प्रारंभिक जांच के बाद आपसी सहमति से मामला सुलझाने का विकल्प मिलता है। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने 2022 में उपभोक्ता मामलों के निपटारे के लिए लोक अदालतों की ज़रूरत को स्वीकार किया था। लेकिन रिपोर्ट के आंकड़े कुछ और तस्वीर दिखाते हैं।


RTI से मिले आंकड़ों के अनुसार, राज्य आयोगों द्वारा लोक अदालतों में भेजे गए उपभोक्ता मामलों की संख्या 2022 में 1,463 से घटकर 2024 में केवल 446 रह गई। ये आंकड़े 22 राज्य आयोगों के हैं।


तेजी से बढ़ती उपभोक्ता अर्थव्यवस्था में राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन भी उपभोक्ताओं के लिए कुछ उम्मीद जगाती है। यह हेल्पलाइन 17 भाषाओं में उपलब्ध है। मार्च 2026 में उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने संसद को बताया कि दिसंबर 2025 में हेल्पलाइन पर 3.5 लाख से अधिक कॉल आईं। दिसंबर 2019 में यह संख्या 62,172 थी। इस व्यवस्था के तहत दर्ज शिकायतों की संख्या भी बढ़ी है। 2019 में हर महीने औसतन क़रीब 37,000 शिकायतें दर्ज होती थीं। 2025 में यह संख्या बढ़कर करीब 1.5 लाख प्रति माह हो गई।

राज्य उपभोक्ता आयोगों की कार्यकुशला और क्षमता को इन आंकड़ों के ज़रिए समझा जा सकता है।


क्या है आगे का रास्ता?

भारत में तेज़ी से ग्रामीण इलाक़ों व टियर-2 तथा टियर-3 शहरों तक पहुंच रहे उपभोक्ता बाज़ार को लेकर ‘कंज्यूमर जस्टिस रिपोर्ट 2026’ गंभीर चिंता पैदा करती है। रिपोर्ट बताती है कि बढ़ते लंबित मामलों और संसाधनों की कमी के बोझ तले उपभोक्ताओं विवादों के समाधान की व्यवस्था कमज़ोर पड़ रही है।


1986 के उपभोक्ता संरक्षण क़ानून से 2019 के क़ानून तक का बदलाव दूरदर्शी क़दम है। लेकिन अगर उपभोक्ताओं को न्याय देने वाली व्यवस्था ही पुराने और लंबित मामलों से ठप हो जाए, तो यह बदलाव सिर्फ काग़ज़ पर रह जाता है।


उपभोक्ताओं का इस अंतर को पहचानना ज़रूरी है। डिजिटल पहल और राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन तत्काल राहत देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।


पांच मेट्रो शहरों के ज़िला उपभोक्ता आयोगों और अन्य राजधानी वाले शहरों में ज़िला उपभोक्ता आयोगों में उपरोक्त स्थिति रही।


लेकिन खपत पर आधारित अर्थव्यवस्था को लंबे समय तक मज़बूत बनाए रखने के लिए बाज़ार की तरह तेज़ उपभोक्ता न्याय व्यवस्था ज़रूरी है। यह सुनिश्चित करना ज़रूरी है कि मामलों का समाधान क़ानून में तय समय-सीमा के भीतर हो। इसके साथ ही मध्यस्थता और लोक अदालत जैसे तेज़ी से समाधान देने वाले वैकल्पिक उपायों को मुख्यधारा में लाना होगा। यह सिर्फ क़ानूनी ज़रूरत नहीं है, आर्थिक ज़रूरत भी है।


(सिद्धार्थ लांबा इंडिया जस्टिस रिपोर्ट में वरिष्ठ विश्लेषक हैं। यह लेख मूल रूप से ‘द अवेयर कंज़्यूमर’ मैगजीन के मई 2026 के अंक में प्रकाशित हुआ था। हम इसका हिंदी अनुवाद साभार प्रकाशित कर रहे हैं।)



No comments yet.

Add a comment
Ctrl+Enter to add comment